परसुडीह के नामाटोला भाटा बस्ती में लोग जान पर खेलकर घर तक बिजली का तार ले जाने को मजबूर, जनप्रतिनिधि और प्रशासन मौन

2 Min Read

जमशेदपुर के परसुडीह से एक किलोमीटर दूर नामोटोला के भाटा बस्ती के लोग बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। लाख प्रयास के बावजदूद वर्षों से उनकी स्थिति में सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।

यहां बिजली का पोल तो है, पर बिजली का तार नहीं है। लगभग एक वर्ष पूर्व पोल तो लगा मगर अब तक केबल नहीं लगा। मजबूरन लोग बांस बल्ली के सहारे तार अपने घर तक ले जाने को मजबूर हैं। तार भी इतना नीचे है कि कोई भी तार को छू सकता है।

इतना ही नहीं जगह-जगह खुले हुए तार हैं, जो बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कई बार उन्होंने यहां के मुखिया, जिला परिषद को इसके बारे में बताया, मगर स्थिति जस की तस रही। वे भी किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैंं। कई बार बिजली विभाग को इसके बारे में बताया गया, लेकिन उन्होंने भी केवल आश्वासन देकर छोड़ दिया।

बीते कुछ दिन पूर्व ही जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगल कालिंदी ने इस क्षेत्र का दौरा किया। उनके साथ में बिजली विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। विधायक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बिजली विभाग को तार लगाने की बात कही। इसपर बिजली विभाग ने भी आश्वस्त किया था कि एक सप्ताह में तार लग जाएगा, लेकिन आज भी स्थिति जस की तस है।

Share This Article