मंगला पूजा के लिए बाजार जा रही पत्नी को गोली मारकर भाग निकला अपराधी पति

1 Min Read

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत रामदेव बगान में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। गोली पैर में लगी है। घायल महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के संबंध में घायल अमनदीप ने बताया कि उसने करण के साथ 2017 में प्रेम विवाह किया था। कहा कि करण के अपराधिक प्रवृत्ति का होने के कारण वह मायके में रहती है। करण भी पड़ोस में ही रहता है और अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद करता रहता है। उसने बताया कि आज जब वह अपनी बेटी को लेकर मंगला पूजा के लिए बाजार जा रही थी, तभी करण रास्ता रोककर मारपीट करने लगा। इसी बीच उसने पिस्टल से गोली चला दी और फरार हो गया।

घटना के बाद परिजन अमनदीप को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। अमनदीप के पैर में गोली लगी है। इधर, सूचना पाकर डीएसपी सिटी सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे और अमनदीप से पूछताछ की। वहीं पुलिस फरार करण की तलाश में जुट गई है।

Share This Article