खूंटी से भाजपा प्रत्याशी सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने खरसावां विस क्षेत्र के चामारु, रंगामाटिया, झापुडागुडा व लाल बाजार में किया जनसंपर्क

3 Min Read

K. Durga Rao

खरसावां : खूंटी से भाजपा प्रत्याशी सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने खरसावां विस क्षेत्र के चामारु, रंगामाटिया, झापुडागुडा व लाल बाजार में जनसंपर्क किया। इसके बाद खरसावां में प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस व झामुमो पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये दोनों ही दल उलजुलूल बातें कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान कोई कुर्ता-कमीज नहीं कि जब चाहें बदल दिया जाए। उन्होंने कहा कि संविधान देश का विधान है। इसे किसी भी सुरत में बदला नहीं जा सकता।

इंडी गठबंठन बिन दुल्हे की बारात जैसा

अर्जुन मुंडा ने विपक्षी इंडी गठबंधन की पर चुटकी लेते हुए कहा कि यह गठबंधन बगैर दुल्हे के बारात जैसा है। इन्हें देश से कोई मतलब नहीं है। इंडी गठबंधन के नेताओं की दोस्ती सांप और मेढ़क की दोस्ती जैसी है। कांग्रेस ने हमेशा अपने सहयोगी दलों का दोहन किया है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जो दल कांग्रेस के साथ हुए, उनका क्या हश्र हुआ। कांग्रेस का साथ देने वाले जयपाल सिंह मुंडा, सुशील बागे से लेकर शिबु सोरेन जैसे नेताओं का इतिहास देखा जाए, तो किसी का दल समाप्त हो गया, या फिर किसी को तिहाड़ जाना पडा। अभी कांग्रेस के साथ खडे होने वालों का भी यही हश्र होगा। अपने हित में चुनाव लडने वालों को खूंटी की जनता सबक सिखायेगी।

पत्थलगड़ी के नाम पर लोगों को भड़काने वाले खुद लड़ रहे हैं चुनाव

अर्जुन मुंडा ने कहा कि कुछ वर्ष पहले पत्थलगडी के नाम पर लोगों को भडका कर वोटर कार्ड जलवाने वाले आज खूद चुनाव लड रहे हैं। अपनी रोटी सेंकने के लिये लोगों को भडकाया गया था। अभी भी कुछ दल के नेता अलग अलग मुद्दों को लेकर दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एजेंडा विहिन राजनीति करने वालों से देश को बचाना है और ऐसे दलों को चुनाव में सबक सिखाना है।

आपके अधिकारों को सुनिश्चित करने की गारंटी हमारी

अर्जुन मुंडा ने केंद्र सरकार के दस साल की उपलब्धियों के बारे में जनता को बताया। उन्होंने कहा कि आज मोदी जी ने जो काम किया, वह सब के सामने है। उन्होंने कहा आपका अधिकार कोई छिन नहीं सकता, इसकी गांरटी मैं लेता हूं। जो भी स्थानीय मुद्दे हैं उसे दूर कर लिया जायेगा। पिछले दिनों क्षेत्र के विकास के लिये जो नींव रखी गयी है, उसके दूरगामी परिणाम सामने आएंगे।

इस दौरान पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय, सांसद प्रतिनिधि विजय महतो, अशोक षाडंगी, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव, मीरा मुंडा, जींगी हेंब्रम, सावित्री बानरा, संजय सरदार समेत खरसावां विस क्षेत्र के विभिन्न गांवों के बुद्धिजीवी मौजूद थ।

Share This Article