एनआईटी जमशेदपुर में राष्ट्रीय युवा दिवस पर “रन फॉर स्वदेशी” का भव्य आयोजन

Raj Sharma
2 Min Read

JAMSHEDPUR : राष्ट्रीय युवा दिवस पर एनआईटी जमशेदपुर में देशभक्ति से ओतप्रोत “रन फॉर स्वदेशी”, 400 से अधिक युवाओं ने लगाई दौड़

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती अत्यंत उत्साह, ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर 12 जनवरी 2026 को डाउनस ग्राउंड में “रन फॉर स्वदेशी” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय युवा दिवस समारोहों की श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा, जिसका उद्देश्य युवाओं में आत्मनिर्भर भारत, देशभक्ति, अनुशासन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 5 किलोमीटर की मैराथन दौड़ रही, जिसमें लगभग 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और समर्पण के साथ भाग लिया। सुबह से ही डाउनस ग्राउंड देशभक्ति के नारों और युवा ऊर्जा से गूंज उठा। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने स्वामी विवेकानंद के विचारों—“उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत”—को आत्मसात करते हुए अद्भुत उत्साह और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, अध्यक्ष (स्पोर्ट्स एंड एक्टिविटीज सोसाइटी), एनएसएस समन्वयक, SAS सहायक सहित संस्थान के अनेक शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर, अनुशासित जीवन और सकारात्मक सोच ही सशक्त राष्ट्र की नींव होती है।

“रन फॉर स्वदेशी” केवल एक खेल आयोजन नहीं था, बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा, राष्ट्रीय एकता और युवाओं की राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भूमिका का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को फिटनेस, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना के प्रति जागरूक करने का कार्य किया।

कार्यक्रम का समापन अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने यह स्पष्ट कर दिया कि एनआईटी जमशेदपुर शिक्षा के साथ-साथ खेल, स्वास्थ्य और मूल्य-आधारित गतिविधियों के माध्यम से युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


 

Share This Article