Sanat Pradhan
चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि 5 लाख नवयुवकों को रोजगार देने का वादा करने वाली झारखंड मुक्ति मोर्चा गठबंधन की सरकार, राज्य के स्थानीय युवकों को रोजगार देकर उनका भविष्य बनाने की बजाय दूसरे राज्यों के युवकों को सरकारी नौकरियों में रख रही है। इसका जीता जागता उदाहरण नगर विकास एवं आवास विभाग ने साबित किया है। उन्होंने एक पत्र के आलोक में कहा है कि नगर विकास एवं आवास विभाग की अधिसूचना पत्रांक 01/सा.स्था.(नियुक्ति)-05/2024 न.वि.आ. 22/7/2024 के द्वारा, 28 सहायक नगर निवेशकों की सीधी नियुक्ति कर उन्हें विभिन्न 28 स्थानों में योगदान करने का आदेश निर्गत किया गया है।
इन नवनियुक्त 28 सहायक नगर निवेशकों में 17 युवक, बिहार राज्य के गया सिवान पटना, दिल्ली, मध्य प्रदेश के भोपाल ग्वालियर, पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर, उतर प्रदेश के गाजियाबाद, असम के कछार, हरियाणा के सोनीपत और तेलंगाना के हैदराबाद के हैं। राज्य सरकार ने झारखंड राज्य से केवल 11 स्थानीय युवकों को चयनित किया। श्री पांडे ने कहा कि राज्य सरकार के इस तानाशाही रवैये का भारतीय जनता पार्टी पुरजोर विरोध करती है। साथ ही कहा कि राज्य के बेरोजगारों के साथ राज्य सरकार कुठाराघात कर रही है। स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने से मुकरने के साथ ही यह वादा खिलाफी है। स्थानीय नवयुवकों के भविष्य को बर्बाद करने का यह कुटिल प्रयास है, जिसकी भर्त्सना भारतीय जनता पार्टी करती है। श्री पांडे ने चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और नेता प्रतिपक्ष अमर बाऊरी को इसकी जानकारी है और वे स्थानीय बेरोजगार नवयुवकों के जीवन पर हुए इस अत्याचार पर गंभीर कदम उठाने जा रहे हैं।
संजय पांडे ने कहा कि 2020 में भी सरकार गठन के बाद राज्य सरकार ने पूरे राज्य के देशी और अंग्रेजी शराब दुकानों में स्वयं शराब की बिक्री करने का निर्णय लिया था, साथ ही घोषणा किया गया था कि इन बिक्री केंद्रों में स्थानीय युवकों को ही सेल्समैन और कैशियर के रूप में रखा जाएगा। इसपर भी ईमानदारी से अमल नहीं किया गया। कहा कि पश्चिम सिंहभूम जिले के 80 देशी और अंग्रेजी शराब बिक्री केंद्रों में ज्यादातर दूसरे राज्यों के लोग नियुक्त हैं और बेरोकटोक तकरीबन 5 वर्षों से कार्यरत हैं। इसकी शिकायत जिला प्रशासन को भारतीय जनता पार्टी ने की थी, लेकिन वह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया और स्थानीय युवक ठगे देखते रह गए। जिले के सभी विधायकों को जानकारी होने के बावजूद चुप्पी साध कर अपना मूक समर्थन दे दिया। इस कारण सैकडों युवक इन बिक्री केंद्रों में नौकरी से वंचित रह गए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस विषय को गंभीरता से ले रही है और स्थानीय नवयुवकों के जीवन पर हो रहे इस अत्याचार पर जोरदार आंदोलन कर विरोध प्रदर्शन का रुख अख्तियार करने की मंशा बना रही है।