K. Durga Rao
खरसावां : खूंटी से कांग्रेस प्रत्याशी काली चरण मुंडा व विधायक दशरथ गागराई ने खरसावां विस क्षेत्र के बिरबांस, कोलाबारी, जोरडीहा, नारायणपुर, रांगामाटिया, बेगनाडीह व बांधडीह गांव में जन संपर्क कर समर्थन की अपील की। इस दौरान काली चरण मुंडा ने कहा कि भाजपा की सरकार ने पिछले दस वर्षों में देश के समक्ष विकट स्थिति उत्पन्न कर दी है। यह समय बीजेपी के दुष्प्रचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से खड़ा रहकर संघर्ष करने का है। काली चरण मुंडा ने कहा कि भाजपा देश का संविधान बदलना चाहती है, परंतु इंडिया गठबंधन हर हाल में देश को बचाएगी। महंगाई व बेरोजगारी से जनता परेशान है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में खूंटी लोकसभा क्षेत्र में विकास पूरी तरह ठप हो गया है। विकास के नाम पर लोगों के साथ सिर्फ धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीते तो आम जनता का सांसद बन कर क्षेत्र के जनता की सेवा करेंगे और लोगों की समस्याओं का निदान करेंगे।
महंगाई व बेरोजगारी से जनता परेशान : गागराई
मौके पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण आज हर वर्ग परेशान है। भाजपा ने जनता को छलने का काम किया है। खरसावां विस क्षेत्र की जनता को केंद्रीय योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका। यहां तक की केंद्र सरकार ने झारखंड के हिस्सा की राशि भी नहीं दे कर यहां के विकास को प्रभावित किया। उन्होंने जनता से इंडिया गठबंधन के पक्ष में वोट करने की अपील की। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, राज बागची, बासंती गागराई, प्रेमेंद्र मिश्रा, मांगीलाल महतो, लालबाबू सिंहदेव, विजय महतो आदि उपस्थित थे।