Bollywood : रांची की रवीना बनी ‘मर्डरबाद’ की दबंग इंस्पेक्टर

2 Min Read
  • फिल्म में निभाया इंस्पेक्टर अदिति रावत का दमदार किरदार

रांची : झारखंड की राजधानी रांची की बेटी रवीना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती। उनकी नई फिल्म ‘मर्डरबाद’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसमें उन्होंने इंस्पेक्टर अदिति रावत की सशक्त भूमिका निभाई है। रवीना की इस अभिनय यात्रा पर पूरा रांची और मारवाड़ी समाज गौरवान्वित है।

रवीना की शैक्षणिक पृष्ठभूमि से बॉलीवुड तक का सफर

रवीना मूल रूप से झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के पूर्व महामंत्री की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लोरेटो कॉन्वेंट, डोरंडा से प्राप्त की और इसके बाद सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से बीकॉम की पढ़ाई पूरी की। इसके पश्चात वे अपने अभिनय करियर के सपनों को साकार करने मुंबई चली गईं, जहां उन्होंने विभिन्न विज्ञापनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर चर्चित कलाकारों के साथ काम किया।

‘मर्डरबाद’ में रवीना की दमदार मौजूदगी

फिल्म ‘मर्डरबाद’ को अनरव चटर्जी ने निर्देशित किया है। इसमें रवीना के साथ नकुल रोशन शहदेव, कनिका कपूर, शारीब हाशमी, मनीष चौधरी, सलोनी बत्रा, अंजन श्रीवास्तव, अमोल गुप्ता और अन्य कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। इस फिल्म की शूटिंग राजस्थान और दार्जिलिंग की खूबसूरत वादियों में की गई है। शान कुशल ने फिल्म का एक्शन डायरेक्शन संभाला है, जबकि विनोद प्रधान (जिन्होंने रंग दे बसंती और भाग मिल्खा भाग जैसी फिल्मों में फोटोग्राफी का नेतृत्व किया) इसके सिनेमैटोग्राफर हैं।

समाज ने दी बधाई, कहा– “रवीना ने झारखंड का नाम रोशन किया”

झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, महामंत्री विनोद कुमार जैन, ललित पोद्दार, पवन पोद्दार, राजेंद्र केडिया समेत अन्य पदाधिकारियों और समाजसेवियों ने रवीना की इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मेलन के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने जानकारी देते हुए कहा, “रवीना की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार की नहीं, पूरे समाज और राज्य के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने झारखंड की प्रतिभा को देशभर में पहचान दिलाई है।”

Share This Article