K. Durga Rao
सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत चौका-कांड्रा मेन रोड पर तुलग्राम मोड़ के पास मंगलवार रात एक सड़क हादसे में जीजा-साले की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार तीनों लोग दुर्घटना के शिकार हो गए। उसमें से दो व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवकों में विदेशी सिंह मुंडा सरायकेला के नारायणपुर, जबकि दूसरा मृतक कुश सिंह सरदार आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बेलडीह के रहने वाले थे। वहीं दुर्घटना में घायल युवक चौका थाना क्षेत्र के दिरलौंग के रहने वाले रमेश सिंह मुंडा है, जिसे इलाज के लिए एंबुलेंस से जमशेदपुर भेज दिया गया। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस ने अज्ञात वाहन की छानबीन शुरू कर दी है। बुधवार को दोनों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
सरायकेला के नारायणपुर निवासी विदेशी सिंह मुंडा आदित्यपुर के बेलडीह निवासी अपने जीजा कुश सिंह सरदार के साथ चौका थाना क्षेत्र के दिरलौंग स्थित अपने फुआ के घर आया था। रमेश सिंह मुंडा, विदेशी के फुआ का लड़का है। दिरलौंग में रात्रि भोजन करने के पश्चात तीनों एक ही बाइक से बेलडीह जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान तुलग्राम मोड़ के पास चौका-कांड्रा सड़क पर तीनों को अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। वाहन बाइक सवार तीनों युवकों को करीब तीन सौ मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इसमें जीजा-साले का शव पूरी तरह क्षत विक्षत हो गया। उनमें से एक का शव दो टुकड़े में बंट गया, वहीं बाइक के पीछे बैठे रमेश सिंह मुंडा दूर जा गिरा था, जिससे वह दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घायल को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेजवाया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।