चाईबासा (के दुर्गा राव) : पीएमश्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, झींकपानी में शनिवार को द्वितीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने शिरकत की और विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
सांसद ने कहा,
“चंद्रयान-3 की सफलता हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस, विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूक और प्रेरित करता है।”
उन्होंने भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिक शुभांशु शुक्ला का उल्लेख करते हुए कहा कि नवोदय विद्यालय प्रतिभा का केंद्र है और यहां के विद्यार्थी भी भविष्य में देश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और विद्यालय के विकास के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। सांसद ने छात्रों को बड़ा लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर सांसद ने छात्रा जयश्री टुडू को सम्मानित किया, जिन्होंने आर्चरी में पटना रीजन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई पदक जीते। कार्यक्रम में चंद्रयान-3 की प्रस्तुति, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मैथ्स एजुकेशनल पार्क और ऑटोमोटिव स्किल लैब का निरीक्षण भी शामिल रहा।
प्राचार्य पंकज कुमार गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया, धन्यवाद ज्ञापन भरत शर्मा ने प्रस्तुत किया और संचालन अभिषेक कुमार सिंह ने किया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने सांसद को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सुशांत दास, गौरीमनी हेम्ब्रम, गौतम रस्तोगी, मानस अचल, विवेकानंद ओझा, आभा चौधरी, पूजा मिश्रा, चंदन कुमार, दिलीप आचार्य, रॉबिन टोप्पो सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।






