Chandil : शराब दुकान हटाने की मांग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क पर उतरे सैकड़ों लोग

2 Min Read

चांडिल (के दुर्गा राव) : डेम रोड स्थित आदर्श कॉलोनी के पास संचालित विदेशी शराब दुकान के खिलाफ सोमवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों का सब्र टूट गया। सैकड़ों महिला-पुरुष दुकान के पास सड़क पर जमा हुए और जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए अनुमंडल कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला।

ग्रामीणों का आरोप – नियमों का खुला उल्लंघन

ग्रामीणों ने बताया कि दुकान घनी आबादी वाले क्षेत्र में है और इसके आसपास सरकारी मध्य विद्यालय, दो निजी स्कूल और कई मंदिर स्थित हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने नियमों को ताक पर रखकर दुकान को अनुमति दी। इससे महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर लगातार खतरा मंडरा रहा है।

महिलाओं ने उठाई सुरक्षा की बात

महिलाओं ने बताया कि शराब दुकान के बाहर अक्सर शराबी हुड़दंग मचाते हैं, राह चलती महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं और बोतलें सड़क पर फेंक जाते हैं। कई बार झगड़े और मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे बच्चे स्कूल जाने में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

प्रशासन की चुप्पी पर भड़के ग्रामीण

ग्रामीणों ने बताया कि प्रभात पोद्दार, महेन्द्र पोद्दार और सोमेन मोदक सहित कई लोगों ने पहले भी एसडीओ और एसडीपीओ को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने एसडीओ विकास राय से तुरंत शराब दुकान हटाने और मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने की मांग की।

दी चेतावनी – कार्रवाई नहीं हुई तो बढ़ेगा आंदोलन

ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई, तो विरोध आंदोलन को और तेज किया जाएगा। एसडीओ ने आश्वासन दिया कि वरीय अधिकारियों व उपायुक्त से मिलकर शीघ्र समाधान निकाला जाएगा।

 

Share This Article