K. Durga Rao
चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिला के कुकड़ु प्रखंड क्षेत्र के कुकड़ु सप्ताहिक हाट मैदान में इंडी गठबंधन की चुनावी जनसभा का आयोजन हुआ। पूर्व निर्धारित समय के अनुसार जनसभा में 1 बजे मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को सभा में संबोधन के लिए आना था, लेकिन काफी इंतजार के बाद झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, विधायक सविता महतो ने उपस्थित होकर जनसभा को संबोधित किया। उमस भरी गर्मी में लोगों को 4 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। बाद में उड़नखटोला आने की भनक लगते ही लोगों में आस जगी, मगर मुख्यमंत्री के बदले स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता मुख्य अतिथि की जगह लोगों को संबोधित कर रांची लोकसभा के इंडी गठबंधन की प्रत्याशी यशस्विनी सहाय को वोट देने की अपील की।
इस दौरान श्री गुप्ता ने मंच से ही सार्वजनिक रूप से लोगों को जानकारी देते हुए कहा की मुख्य्मंत्री की तबियत बिगड़ने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए। वहीं उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार झुठ बोलने वाली, लोगों को आपस में लड़ाने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष मोदी सरकार हिन्दू को मुसलमान से, सिख को इसाई से, अगड़े को पीछड़े से आदिवासी को पिछड़ों से लड़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने जिस राम राज्य का कल्पना की थी, जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी धर्म के लोग निर्भय होकर प्यार से रह सकें। उन्होंने कहा कि उस राम राज्य की स्थापना से पहले महात्मा गांधी को किसने मारा ये बताने का जरूरत नहीं है।
वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने महिला को सम्मान देने का काम किया और पहली बार किसी युवा महिला को प्रत्याशी बनाया। उन्होंने कहा कि हमारी बेटी को लोकसभा भेज कर आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा कि बेटी से अधिक सुबोधकांत आपके सुख दुख में शामिल होंगे। वहीं विधायक सविता महतो ने अपने संबोधन में कहा कि तानाशाह केन्द्र सरकार जो बेगुनाह हेमंत सोरेन को जेल में डालने का काम किया, उसका बदला लेने का समय है और आपका एक वोट बदलाव ला सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के हत्यारे को उखाड़ कर फेंकना है। वहीं, यशस्विनी सहाय ने कहा कि 18 से 25 साल के शिक्षित युवाओं को नौकरी, बेरोजगार युवाओं को उद्योग के लिए सरकारी अनुदान, गरीबों को 25 लाख का मुफ्त इलाज, कृषि ऋण माफी व महिलाओं को साढ़े 8 हजार प्रति महीने दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं व युवाओं को सम्मान कांग्रेस ही दे सकता है।
वहीं मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि पुरे झारखंड में इंडिया गठबंधन की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि बदलाव की हवा बह रही है और जुमले बाजी का अंत होना निश्चित है। मौके पर झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदू महतो, केंद्रीय सदस्य गुरू चरण किस्कू, पप्पू वर्मा, कल्याण चन्द्र सिंह, इन्द्रजीत महतो, नयन सिंह मुंडा, दुर्योधन गोप सहित गठबंधन के समर्थित दलों के कई नेता व कार्यकर्ता आदि उपस्थित थे।