Mohit Kumar
दुमका : गणतंत्र दिवस के मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस लाइन मैदान में झंडा फहराया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने राज्य की जनता से अपील करते हुए कहा कि आज गणतंत्र दिवस पर हम ऐसे राष्ट्र और राज्य के निर्माण का संकल्प लें जिसकी परिकल्पना हमारे संविधान निर्माताओं ने की है। एक ऐसा राज्य जहां हर व्यक्ति का अधिकार सुरक्षित हो, सबको विकास का समान अधिकार प्राप्त हो और कमजोर से कमजोर व्यक्ति की भी आवाज़ सत्ता के उच्चतम स्तर तक पहुंच सकें। हम एक मजबूत राज्य का निर्माण करने में तभी सफल होंगे जब लोगों के बीच जाति, नस्ल और रंग का भेद भुलाकर सामाजिक भाईचारा को सर्वोच्च स्थान दिया जाए। सीएम ने कहा कि हमारे पूर्वजों के त्याग, बलिदान और समर्पण की गौरवगाथा हमारा पथ प्रदर्शन करती रहेगी। कहा कि मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि अगर नेक नियत, मजबूत इरादों और बुलंद हौंसलों के साथ हम सब मिलजुल कर प्रयास करें तो एक समृद्ध और खुशहाल झारखंड के निर्माण में जरूर सफल होंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हाल ही में झारखंड में विधानसभा के चुनाव संपन्न हुए हैं। यह चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक रहा, क्योंकि झारखंड के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी सत्ताधारी दल ने लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी की है वह भी प्रचंड बहुमत के साथ। सीएम ने कहा कि झारखंड के प्रत्येक वर्ग और समुदाय विशेष कर हमारी माता – बहनों ने जो भरोसा विश्वास जताया है, उसके लिए हम हृदय से आभारी हैं। हम जनता का अभिनंदन करते हैं और इस मंच से कहना चाहते हैं कि आपके भरोसे ने हमारी जिम्मेदारियां और बढ़ा दी है। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतारने के लिए हम दोगुने उत्साह के साथ काम कर रहे हैं।
सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं की दी जानकारी
दुमका के पुलिस लाइन मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य सरकार द्वारा की जा रही विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों से अपने वादों को पूरा करते हुए हमने मंइया सम्मान योजना की शुरुआत की, जिसमें महिलाओं को ढाई हजार रुपये दिए जा रहे हैं। अभी वर्तमान में 56 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही सीएम ने कहा कि झारखंड के युवाओं को नौकरी देने के लिए बड़े पैमाने पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। साथ ही उन्होंने कई अन्य योजनाओं का भी जिक्र किया।
दर्जन भर विभागों की निकाली गई झांकियां
दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा झंडोत्तोलन के बाद एक दर्जन विभागों की आकर्षक झांकियां निकाली गई। इसमें मंईया सम्मान योजना की झांकी काफी आकर्षक रही। इसमें शामिल लोगों की हौसला अफजाई के लिए सीएम ने मंच से उतर कर तालियां बजाई। साथ ही सूचना जनसंपर्क विभाग, पुलिस विभाग, खादी ग्रामोद्योग, स्वास्थ्य विभाग, झारखंड स्टेट लाईवलीहुड मिशन, ग्रामीण विकास अभिकरण और वन विभाग की झांकियां प्रमुख रहीं। इसमें मंईया सम्मान की झांकी को प्रथम पुरस्कार मिला। द्वितीय पुरस्कार ग्रामीण विकास और वन विभाग को संयुक्त रूप से को झारखंड पुलिस को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।