जमशेदपुर : नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय के बाहर कांग्रेस पार्टी की ओर से जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध के चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई। स्थिति इतनी गर्म हो गई कि भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर तीखे आरोप लगाते हुए “वोट चोर, गद्दी छोड़ो” जैसे नारे लगाए। इसके जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। दोनों ओर से तेज आवाज में नारे लगने के कारण क्षेत्र में काफी देर तक राजनीतिक शोर-शराबा बना रहा। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोकने का प्रयास किया। पुलिस बल लगातार दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग रखने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा रहा।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान उनके झंडे फाड़ दिए गए, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया। हालांकि भाजपा की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया। स्थिति के और बिगड़ने की आशंका को देखते हुए दोनों पक्षों के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद प्रदर्शन हिंसक रूप लेने से बच गया।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर इस प्रदर्शन की घोषणा पहले से कर रखी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन भाजपा जिला कार्यालय के आसपास पहले ही बैरिकेडिंग कर दी थी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस की सतर्कता और नेताओं के हस्तक्षेप के चलते बड़ा टकराव टल गया, हालांकि कुछ समय तक इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।






