क्रिकेट सीजन ने मेट्रो से आगे बढ़कर टियर-2 शहरों में बढ़ाई टूरिज्म की रफ्तार

2 Min Read

रांची। क्रिकेट का रोमांच अब सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह पर्यटन को भी नई उड़ान दे रहा है। Airbnb की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, मैचों की मेजबानी कर रहे शहरों में ठहरने को लेकर सर्चिंग और बुकिंग में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि इस बार मेट्रो शहरों के साथ-साथ टियर-2 शहर भी ट्रैवल मैप पर तेजी से उभरे हैं।

फरवरी से मई के बीच होने वाले बड़े मुकाबलों के चलते रांची, तिरुवनंतपुरम, जयपुर और लखनऊ जैसे शहरों में यात्रा मांग में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। रांची में सर्चिंग सालाना आधार पर करीब 120 प्रतिशत बढ़ी, जबकि तिरुवनंतपुरम में 110 प्रतिशत से अधिक उछाल दर्ज हुआ। जयपुर और लखनऊ में क्रमशः 70 और 60 प्रतिशत की वृद्धि सामने आई।

बड़े मुकाबलों के दौरान यह रुझान और तेज हो जाता है। कोलंबो में 14–17 फरवरी 2026 के बीच आयोजित भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान सर्चिंग में 325 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं वर्ल्ड कप फाइनल से पहले अहमदाबाद में लगभग 170 प्रतिशत का उछाल देखने को मिला।

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 में लगभग 60 प्रतिशत भारतीय जेन जेड युवा लाइव क्रिकेट मैच देखने की योजना बना रहे हैं। इनमें से 70 प्रतिशत दोस्त या परिवार के साथ यात्रा करना चाहते हैं, जबकि आधे से अधिक युवा मैच के साथ शहर की संस्कृति और स्थानीय खानपान का आनंद लेने के लिए 3-4 दिन तक ठहरते हैं।

Airbnb के कंट्री हेड अमनप्रीत सिंह बजाज ने कहा, “क्रिकेट अब केवल खेल नहीं रहा, बल्कि यात्रा का नया बहाना बन चुका है। इससे स्थानीय पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को नई मजबूती मिल रही है।”

Share This Article