जमशेदपुर: एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टालते हुए पुलिस ने नामदा बस्ती से चार कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने छापेमारी कर इन्हें धर दबोचा। इनके पास से देसी कट्टा, कारतूस, धारदार हथियार, नकाब और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जिसे घटना में उपयोग किया जाना था।
पकड़े गए आरोपियों के नाम हैं – नीरज सिंह, रंजीत यादव, गुलशन साव और अजय कुमार। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चारों का आपराधिक इतिहास लंबा है और ये पूर्व में हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं।
SSP को मिली तकनीकी व मानवीय आसूचना के बाद अपराध अनुसंधान शाखा, स्थानीय थाना और तकनीकी सेल की संयुक्त टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नामदा बस्ती को घेरकर गिरफ्तारी की। पूछताछ में आरोपियों ने कई मामलों में संलिप्तता भी स्वीकार की है।
पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी से शहर में अपराध की एक बड़ी साजिश नाकाम हुई है। एसएसपी ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए टीम को बधाई दी और नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।






