जमशेदपुर: स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) और श्री कृष्ण जन्माष्टमी (16 अगस्त) के अवसर पर शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष योजना लागू की है। इन दोनों दिनों में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्त प्रतिबंध रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को सुबह 6:00 बजे से रात 11:00 बजे तक और 16 अगस्त को शाम 6:00 बजे से अगले दिन सुबह 2:00 बजे तक शहर सीमा के भीतर ट्रक, ट्रेलर, डंपर और अन्य वाणिज्यिक मालवाहक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इस नियम से केवल यात्री बसों को छूट दी जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि इन त्यौहारों के दौरान प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों पर भारी भीड़ रहती है, ऐसे में यह कदम लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी है। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों और ट्रक ऑपरेटरों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में अपने वाहनों को शहर के बाहर ही रोकें।
ट्रैफिक डीएसपी ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से सड़कों पर वाहन खड़े न करें। उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इन दिनों शहर में यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
पुलिस ने आम जनता से अनुरोध किया है कि वे कार्यक्रमों में समय से पहुंचे और पार्किंग के लिए दिए गए निर्देशों का पालन करें, ताकि उत्सव का आनंद बिना किसी अव्यवस्था के लिया जा सके।






