जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी तिलोभट्टा इलाके से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थाना से महज 20 फीट की दूरी पर अवैध हथियारों की फैक्ट्री चल रही थी। शनिवार को डीएसपी मनोज ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस ने आठ घंटे की लंबी छापेमारी कर इस गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
कार्रवाई के दौरान लखिंदर सरदार सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 6 पिस्टल, हथियार बनाने के उपकरण और 3 लेथमशीन बरामद किए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड समीर सरदार अभी फरार है। उसकी तलाश में उड़ीसा और सरायकेला में लगातार छापेमारी की जा रही है।
कैसे चलता था हथियार बनाने का नेटवर्क?
गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि पिछले एक साल से यह गन फैक्ट्री चल रही थी। दुकान के आगे बैग बेचने का बहाना कर दोनों दुकानदारी दिखाते थे और उसी बीच लोगों पर निगरानी भी रखते थे ताकि किसी को शक न हो।
हथियार मृत अपराधी तिलो सरदार के मकान में बनाए जाते थे और तैयार हथियारों की सप्लाई बिहार व झारखंड के अपराधियों तक पहुंचाई जाती थी। इस काम की जिम्मेदारी फरार आरोपी समीर सरदार पर थी।
DSP मनोज ठाकुर का बयान
डीएसपी मनोज ठाकुर ने बताया,
“गुप्त सूचना के आधार पर की गई यह कार्रवाई सुबह 1 बजे से देर रात तक चली। मुख्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
इस पूरे खुलासे के बाद इलाके के अवैध हथियार कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।






