जमशेदपुर : आजादी के अमृत महोत्सव की गूंज के बीच बुधवार को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल पूरे जोश और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुई। आकर्षक वर्दी में सजी टुकड़ियों ने सधे कदमों के साथ मार्च पास्ट करते हुए देशभक्ति का जज्बा प्रदर्शित किया।
परेड में आरएएफ, डीएपी (महिला एवं पुरुष), जैप-6, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट-गाइड, सीआरपीएफ के जवानों के साथ शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। उनकी सधी हुई तालमेल और ऊर्जावान प्रस्तुति ने मौजूद अधिकारियों और दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने समारोह स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। मंच सज्जा, ध्वजारोहण स्थल, वीआईपी गैलरी, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा घेरा, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति और एम्बुलेंस सेवाओं तक सभी तैयारियों की अंतिम समीक्षा की गई। सुरक्षा, स्वच्छता और आपात सेवाओं के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संस्थाएं पूरी तरह मुस्तैद नजर आईं।
आगामी कार्यक्रमों के तहत 14 अगस्त की शाम सिदगोड़ा टाउन हॉल में भव्य सांस्कृतिक संध्या होगी, जिसमें शहर के स्कूल-कॉलेज के छात्र देशभक्ति गीतों और नृत्यों की प्रस्तुति देंगे। मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9:05 बजे गोपाल मैदान में आयोजित होगा, जिसमें ध्वजारोहण, परेड निरीक्षण, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी पूरे शहर में स्वतंत्रता का उल्लास फैलाएगी।






