- यात्रियों को मिलेगा आरामदायक सफर का अनुभव
जमशेदपुर : जमशेदपुर में बस यात्रियों के लिए जल्द ही एक नया अध्याय शुरू होने वाला है। राज्य सरकार ने मानगो डिमना चौक के पास 13 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के “सुगम और आरामदायक परिवहन” के विजन के तहत यह परियोजना हाइब्रिड एन्युइटी मोड (HAM) पर तैयार होगी, जिसकी लागत करीब 145.24 करोड़ रुपये आंकी गई है।
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है और इसे प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा जा रहा है। जुडको को कार्यान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कर्नाटक की आइडेक एजेंसी ने इसका डिजाइन तैयार किया है।

टर्मिनल की खासियतें:
- पांच मंजिला टर्मिनल बिल्डिंग (दो बेसमेंट, ग्राउंड + तीन मंजिल)
- 50 बसों के लिए पार्किंग, 23 बस वे, 300 कार और 350 बाइक पार्किंग
- एसी वेटिंग हॉल (80 सीट), 120 बेड यात्री डोरमेट्री, 60 बेड चालक डोरमेट्री
- फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट, शॉप्स, सुरक्षा कार्यालय, ट्रैवल एडमिन ऑफिस
- 18 टिकट काउंटर, क्लॉक रूम, लॉजिस्टिक सेंटर, पब्लिक शौचालय
- परिसर को झारखंडी कला और पेंटिंग्स से सजाया जाएगा
इस ISBT के बन जाने से जमशेदपुर के यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के साथ आरामदायक और सुरक्षित सफर का अनुभव मिलेगा। यह न केवल शहर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाएगा, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी नई दिशा देगा।






