Jamshedpur : कोल्हान पुलिस ड्यूटी मीट का भव्य समापन, जमशेदपुर टीम ने जीता ओवरऑल खिताब

2 Min Read

जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना सभागार में आयोजित तीन दिवसीय कोल्हान क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कोल्हान आइजी मनोज कौशिक और विशिष्ट अतिथि डीआइजी अनुरंजन किस्पोट्टा, जमशेदपुर एसएसपी सहित चाईबासा एवं सरायकेला के एसपी मौजूद रहे।

इस प्रतियोगिता में जमशेदपुर पुलिस टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, अपराध अनुसंधान में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

इस ड्यूटी मीट में कुल 10 श्रेणियों में 6 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें पुलिसकर्मियों ने त्वरित निर्णय क्षमता, अनुसंधान कौशल और दक्षता का प्रदर्शन किया।

अपने संबोधन में आइजी मनोज कौशिक ने कहा, “पुलिसिंग को और मजबूत करने के लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्रों की आवश्यकता है। अपराधी लगातार नए तरीके अपना रहे हैं, ऐसे में पुलिसकर्मियों को समय-समय पर आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण से लैस करना जरूरी है।” उन्होंने साइबर क्राइम का विशेष उल्लेख करते हुए त्वरित कार्रवाई और सतर्कता पर जोर दिया।

कोल्हान पुलिस ड्यूटी मीट ने न केवल पुलिसकर्मियों के बीच प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा दिया, बल्कि आपसी समन्वय और पेशेवर क्षमता को भी सुदृढ़ किया।

Share This Article