जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के पारडीह चौक स्थित मारुति कंपनी के स्टॉक यार्ड में मंगलवार को अचानक लगी आग ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। यार्ड में खड़ी फोर्ड फिगो कार कुछ ही मिनटों में आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। उठते काले धुएं ने पूरे क्षेत्र को ढक लिया और लोग दहशत में आकर मौके पर जुट गए।
कैसे लगी आग?
चश्मदीदों के अनुसार, यार्ड में कार की बैटरी बदली जा रही थी। इस दौरान जैसे ही कार को स्टार्ट करने का प्रयास किया गया, शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी।
पुलिस और दमकल की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। डीएसपी सिकंदर खान ने बताया कि आग ने कुछ ही समय में भयावह रूप ले लिया था। यदि समय रहते नियंत्रण नहीं किया जाता तो पास में खड़ी अन्य गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।
लोगों में दहशत, राहत की सांस भी
स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि समय रहते बड़ा हादसा टल गया। आग लगते ही पूरे क्षेत्र में घना धुआं फैल गया और स्थिति भयावह हो गई थी। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार पूरी तरह नष्ट हो गई।






