जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल में रविवार शाम एक मरीज की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, प. सिंहभूम चक्रधरपुर कुरुलिया निवासी रघुनाथ मुंडा (50 वर्ष) कथित रूप से चौथे तल्ले से कूदकर नीचे गिर गए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
कैसे हुई घटना?
21 अगस्त को दस्त और पेट दर्द की शिकायत पर रघुनाथ को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उन्हें चौथे तल्ले के मेडिसिन वार्ड (बेड नंबर 518) पर शिफ्ट किया गया। शनिवार रात वे बेचैन थे और ठीक से सो नहीं पाए।
रविवार सुबह करीब 9 बजे वह अचानक वार्ड से गायब हो गए। उस समय उनकी पत्नी दामंती मुंडा नीचे किसी काम से गई हुई थीं। जब काफी खोजबीन के बाद भी वे नहीं मिले, तो दोपहर करीब 3 बजे अस्पताल कर्मियों ने देखा कि एक मरीज ग्राउंड फ्लोर और बालकनी के बीच गिरा पड़ा है। तुरंत उन्हें इमरजेंसी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौत पर उठे सवाल
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चौथे तल्ले से कूदने पर गंभीर चोटें आनी चाहिए थीं, लेकिन मृतक के शरीर पर वैसे स्पष्ट घाव नहीं मिले। इससे उनकी मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं पैदा हो गई हैं।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मृतक रघुनाथ शराब के आदी थे और पिछले चार दिनों से उन्हें शराब नहीं मिली थी। इस कारण से वे बेचैन दिखाई दे रहे थे। डॉक्टरों का मत है कि उनकी मानसिक स्थिति भी अस्थिर प्रतीत हो रही थी।
जांच जारी
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।






