- 23 बार पुलिस को कॉल – नहीं पहुंची मदद
- 45 मिनट तक अफरा-तफरी, पार्किंगकर्मी पर डंडे से हमला, शराब की बोतल भी टूटी
जमशेदपुर : मंगलवार देर रात टाटानगर स्टेशन की सेकेंड एंट्री गेट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पार्किंग शुल्क को लेकर बस्ती के युवकों और पार्किंग कर्मियों के बीच झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई।
घटना रात करीब 10 बजे पेट्रोल पंप के सामने से पार्किंग में प्रवेश कर रहे एक युवक से शुरू हुई। पार्किंग के कर्मचारियों और युवक के बीच शुल्क को लेकर बहस हो गई। उस समय पार्किंग के कर्ताधर्ता महेश सिंह और मालिक भी मौजूद थे, जिनसे भी युवक की कहासुनी हो गई।
20 से 25 बस्तीवासी पहुंचे पार्किंग में, मारपीट में टूट गई शराब की बोतल
थोड़ी देर में करीब 20-25 लोग बस्ती से आकर पार्किंग में इकट्ठा हो गए और विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। डंडा लेकर बैठे एक कर्मचारी पर हमला किया गया, जिससे उसकी कमर में खोस कर रखी शराब की बोतल भी टूट गई।
महेश सिंह ने बताया कि “बस्ती के लोग पार्किंग को जुबली पार्क समझ घूमने आते हैं। जब रोका गया तो विवाद हुआ।”
23 बार पुलिस को कॉल, 45 मिनट तक नहीं पहुंची मदद
हंगामे के दौरान पुलिस को 23 बार कॉल किया गया, लेकिन 45 मिनट तक कोई भी पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। अंततः बस्ती के नेता संतोष मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करवाया। गौरतलब है कि इस पूरे मामले में थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
एक और विवाद: ऑटो चालक से पार्किंग में 5 हजार की मांग
इसी रात मेन पार्किंग में कीताडीह के एक ऑटो चालक से बूम बैरियर टकरा गया, जिससे ऑटो का शीशा चटक गया। इसके बाद पार्किंग प्रबंधन की ओर से ऑटो चालक से 5,000 रुपये की मांग की गई। रातभर ऑटो चालक परेशान रहा और सुबह तक अपने ऑटो को छुड़ाने की कोशिश करता रहा।






