Jharkhand: राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ बासुकीनाथ धाम में

3 Min Read
  • श्रद्धालुओं को मिलेगी हर सुविधा

दुमका : झारखंड के प्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम में राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2025 का विधिवत उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चारण, दीप प्रज्वलन और नारियल फोड़कर मयूराक्षी कला मंच से किया गया। उद्घाटन समारोह में प्रदेश के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

“श्रद्धालुओं के लिए सेवा ही हमारा धर्म” – देवेंद्र कुँवर, विधायक

उद्घाटन समारोह में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुँवर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा:

 “बाबा बासुकीनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ही इस मेले की आत्मा है। यह आस्था तभी पूर्ण होगी जब सेवा भावना से हम सभी अपना कर्तव्य निभाएं।”

उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए वे सहयोग करें।

“राज्य की सकारात्मक छवि लेकर लौटें श्रद्धालु” – डॉ. लुईस मरांडी, विधायक, जामा

जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने कहा कि हर साल देशभर से लाखों श्रद्धालु यहां आते हैं, इसलिए यह आवश्यक है कि उन्हें बेहतर सुविधा और स्वच्छ वातावरण मिले। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष टेंट सिटी में डिस्पोजेबल बेडशीट जैसी स्वच्छता-संवेदनशील व्यवस्था की गई है।

 “श्रद्धालु राज्य की एक सकारात्मक छवि लेकर लौटें, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने गिनाई व्यवस्था की विशेषताएं

दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि मेला क्षेत्र में सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
प्रमुख विशेषताएं:

  • 12 टेंट सिटी का निर्माण
  • जगह-जगह वाटर पोस्ट की व्यवस्था
  • 24×7 20 एम्बुलेंस एक्टिव मोड में
  • टेंट अस्पताल, मेडिकल सेंटर और डॉक्टर्स की उपस्थिति
  • 750 CCTV कैमरे, AI कैमरा, ड्रोन सर्विलांस
  • 450 सफाईकर्मी और 100 वॉलंटियर्स
  • जगह-जगह QR कोड के माध्यम से AI चैटबोट सहायता प्रणाली
  • एंटी टेरर स्क्वॉड व बम स्क्वॉड की प्रतिनियुक्ति

झारखंड कोऑपरेटिव सोसाइटी मैनुअल का विमोचन भी हुआ

इस अवसर पर अतिथियों द्वारा “Comprehensive Manual of Jharkhand Cooperative Society” नामक पुस्तक का विमोचन किया गया। सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने दिया।

टेंट सिटी का उद्घाटन और निरीक्षण

कार्यक्रम के उपरांत अतिथियों ने JTDC द्वारा बनाए गए टेंट सिटी का फीता काटकर उद्घाटन किया और वहाँ की सुविधाओं का निरीक्षण किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि श्रद्धालुओं को पूरे मेले के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

उपस्थित प्रमुख हस्तियां:

  • पूर्व राज्यसभा सांसद अभय कांत प्रसाद
  • पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख
  • पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा
  • पुलिस उप महानिरीक्षक अंबर लकड़ा
  • पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार
  • जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा, उपाध्यक्ष, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी व अन्य वरीय अधिकारी
Share This Article