- राजनीतिक दलों पर परिवारवाद का आरोप, विकास को रोड-नाली तक सीमित बताकर उठाए सवाल
जमशेदपुर : झारखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के बावजूद मानगो क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। सिंहभूम केंद्रीय वरिष्ठ नागरिक समिति के केंद्रीय अध्यक्ष शिव पुजन सिंह ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि वर्षों से विभिन्न राजनीतिक दलों ने बारी-बारी से शासन किया, लेकिन मानगो के लिए कोई दीर्घकालिक और ठोस विकास परियोजना तैयार नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्य केवल सड़क और नालियों तक सीमित रह गया, जबकि मूलभूत नागरिक सुविधाओं और सुव्यवस्थित शहरी नियोजन की अनदेखी होती रही।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में 80 रुपये के प्रावधानिक टैक्स के स्थान पर कई गुना अधिक कर लगाए जाने से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा। लंबे संघर्ष और जनआंदोलन के बाद अब मानगो में नगर निगम चुनाव होने जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि वे अपने बीच से मेयर का चयन कर क्षेत्र के विकास की दिशा तय करेंगे।
हालांकि, बयान में आरोप लगाया गया कि विभिन्न राजनीतिक दल मेयर पद पर वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से अपने परिजनों या कार्यकर्ताओं की पत्नियों को प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतार रहे हैं, जिससे जनता के अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
इसी परिप्रेक्ष्य में मानगो के वरिष्ठ नागरिकों और बुद्धिजीवियों ने सर्वसम्मति से डॉ. विनिता सहाय को मेयर पद का प्रत्याशी घोषित किया है।
डॉ. सहाय, एम जी एम मेडिकल कॉलेज की सेवानिवृत्त प्राध्यापिका हैं और पिछले लगभग 30 वर्षों से मानगो में निवास करते हुए गरीबों एवं असहायों की सेवा से जुड़ी रही हैं। समिति का दावा है कि वे मानगो को एक व्यवस्थित, स्वच्छ और सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करने की दृष्टि रखती हैं।
डॉ. विनिता सहाय का चुनाव चिन्ह “बिस्कुट छाप” तथा क्रम संख्या 6 निर्धारित है। वरिष्ठ नागरिक समिति ने मानगो की जनता से अपील की है कि वे जाति, धर्म, संप्रदाय और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर “जनता के प्रत्याशी” के रूप में डॉ. विनिता सहाय को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि मानगो में पारदर्शी और जनहितैषी नेतृत्व स्थापित हो सके।






