सामूहिक विवाह में केवल तीन जोड़ों का हुआ विवाह, अभिभावकों के मौजूद न होने के कारण कई जोरो का नहीं हो सका विवाह 

2 Min Read

जमशेदपुर : बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष एवं जिला भाजपा मुख्यालय प्रभारी सुबोध झा के नेतृत्व में कैलाश धाम मंदिर प्रांगण में तीन दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत सुंदरकांड पाठ, निर्धन परिवार की बेटियों का सामूहिक विवाह तथा महाप्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन किया गया। यह आयोजन 18 फरवरी को सुबोध झा के जन्मदिन तथा 19 फरवरी को उनकी शादी की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुआ।

सुबोध झा ने स्पष्ट किया कि सामूहिक विवाह में केवल उन्हीं जोड़ों का विवाह कराया गया, जिनके कोर्ट मैरिज के दस्तावेज उपलब्ध थे तथा लड़का और लड़की पक्ष के माता-पिता की उपस्थिति एवं सहमति प्राप्त थी। कुल तीन जोड़ों का ही विधिवत विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि हजारीबाग, रांची, चाईबासा और जमशेदपुर से कई युवक-युवतियां सामूहिक विवाह में शामिल होने पहुंचे थे, किंतु अभिभावकों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें विवाह में शामिल नहीं किया गया। समिति ने स्पष्ट किया कि बिना माता-पिता की अनुमति किसी भी जोड़े का विवाह नहीं कराया जाएगा।

विवाह समारोह में दोनों पक्षों द्वारा लाए गए पंडितों के माध्यम से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत शादी संपन्न कराई गई। समिति की ओर से नवविवाहित जोड़ों को वस्त्र एवं आवश्यक सामग्री प्रदान की गई तथा उन्हें महाप्रसाद आयोजन में शामिल रखा गया। उपस्थित अतिथियों ने वर-वधू को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
तीन दिवसीय कार्यक्रम की सफलता में कार्तिक कुमार, समिति के महामंत्री मिथिलेश कुमार, संयोजक विनोद राम, पवित्र पांडे, रितु सिंह, प्रमिला पांडे, गौरव साहू, मिट्ठू कुमार, सौरभ कुमार, यश अग्रहरि, दीपक मिश्रा, राजीव चौधरी, सोनू चौधरी, आलोक ठाकुर, वंश झा, श्यामानंद राय, संजय सिंह, संजय कुमार एवं धर्मेंद्र कुमार सहित कई सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

Share This Article