सरायकेला जिला के नीमडीह थाना अंतर्गत लेंगडीह में 61 वर्षीय महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई। इसी जगह पर कुछ दिन पहले एक और शव बरामद हुआ था।
लेंगडीह गांव के बाईपास रोड के किनारे ही खेत से पुलिस ने शव बरामद किया है। इस घटना से चांडिल व नीमडीह क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं मृतका बिमला महतो के पति गंगाधर के अनुसार विमला रविवार की शाम चार बजे अपने खेत में पानी देने के लिए गई थी उसके बाद से वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार की सुबह गांव के ही खेत में लहूलुहान अर्धनग्न अवस्था में शव पड़ा हुआ मिला।
मामले की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को जब्त कर लिया।हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि यह हत्या है या फिर दुर्घटना। बता दें कि पांच दिन पूर्व लेंगडीह से सटे रावतारा गांव के 19 वर्षीय युवक करण महतो का खून से लथपथ शव एनएच- 32 से बरामद किया गया था, लेकिन अभी तक पुलिस उसका खुलासा नहीं कर पाई है। इस बीच एक और शव मिलने से मामला गंभीर हो गया है।