बीती रात मानगो के डिमना रोड में परमजीत सिंह गिरोह के अपराधी गुड्डू पांडे के घर में हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने दोनों पक्ष से 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी मुकेश लुणायत ने पत्रकारों से बात करते हुए जानकारी दी की यह गैंगवार गुड्डू पांडे और सिंटू सिंह के बीच हुई थी, जिसमें दोनों ओर से दो लोग घायल हुए थे। सिटी एसपी ने बताया कि दोनों गुट के लोग पहले मृतक अमरनाथ सिंह के लिए जमीन का कारोबार करते थे।
दोनों के अलग हो जाने के बाद वर्चस्व की लड़ाई शुरू हो गई। इसी को लेकर बीती रात गुड्डू पांडे के घर में सिंटू सिंह के लोगों ने फायरिंग की थी, जिसमें गुड्डू पांडे की ओर से भी जमकर गोलीबारी की गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक पक्ष से दो और दूसरे पक्ष से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं घटना में प्रयुक्त तीन पिस्टल 7 जिंदा कारतूस और घटनास्थल से 15 खोखा बरामद किया गया है।