रामकृष्णा फोर्जिंग्स प्लांट-7 में रिकॉर्ड 544 यूनिट रक्तदान, सिविल सर्जन ने की सराहना
कांड्रा : सरायकेला-दुगनी स्थित रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड के प्लांट–7 परिसर में रामकृष्णा फाउंडेशन के सीएसआर बैनर तले एवं एमजीएम अस्पताल के सहयोग से एक विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में कंपनी के कर्मचारियों, अधिकारियों एवं सहयोगियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 544 यूनिट रक्तदान कर मानवता की सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने किया। इस अवसर पर एमजीएम अस्पताल एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक नकुल कुमार चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे शिविर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अत्यंत जीवनदायी सिद्ध होते हैं। सिविल सर्जन ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और रक्तदाताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने इस आयोजन को अभूतपूर्व बताते हुए रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड एवं रक्तदाताओं की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि रामकृष्णा फाउंडेशन द्वारा सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित इस प्रकार के रक्तदान शिविर समाज के प्रति कंपनी की जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता को दर्शाते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड के कॉरपोरेट लीगल हेड दिनेश पारिख, कॉरपोरेट सेफ्टी हेड नवीन सिन्हा, संजय कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि मोहन सिन्हा उपस्थित रहे।
शिविर के संचालन में मानव संसाधन प्रमुख रवि राजहंस, सेफ्टी इंचार्ज बासुकी नाथ झा, सेफ्टी ऑफिसर प्रभात कुमार, देवेंद्र विश्वकर्मा, कुणाल श्रीवास्तव, रिषिराज सिंहदेव, जयदेव झांगेल, निहारिका, सरिका, बिदेश गांगुली, दित्य प्रकाश एवं ललन सिंह का विशेष योगदान रहा।






