रांची : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और झारखंड के गौरव महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को दिउड़ी माता मंदिर पहुंचकर सपरिवार विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी साक्षी धोनी और बेटी जीवा भी मौजूद रहीं। लंबे समय बाद धोनी पूरे परिवार के साथ माता के दरबार पहुंचे, जिससे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
धोनी ने खुद ड्राइव कर मंदिर तक किया सफर
धोनी इस बार खुद काली रंग की एसयूवी कार ड्राइव करते हुए रांची से बुंडू के दिउड़ी मंदिर पहुंचे। वहां एसडीओ किस्टो कुमार बेसरा और डीएसपी ओमप्रकाश ने उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा नगाड़ों की थाप और पारंपरिक रीति से भव्य स्वागत किया गया।
पूजा-पाठ के बाद सेल्फी लेने उमड़ी भीड़
धोनी और उनके परिवार को मंदिर के पंडा मनोज ने पूजा-अर्चना कराई। जैसे ही धोनी की मंदिर आगमन की खबर फैली, आसपास के गांवों से प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में धोनी के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई। बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी उन्हें एक झलक देखने को उत्सुक नजर आए।
धोनी की आस्था और सादगी ने फिर जीता दिल
धोनी की आस्था और सादगी एक बार फिर देखने को मिली। बिना किसी दिखावे के, वह अपने पारिवारिक अंदाज में मंदिर पहुंचे और सामान्य श्रद्धालु की तरह पूजा-अर्चना की। यही कारण है कि धोनी सिर्फ क्रिकेट के नहीं, लाखों दिलों के चहेते हैं।






