आदित्यपुर : शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर शुक्रवार को आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JKLM) के केंद्रीय अध्यक्ष व डुमरी विधायक जयराम महतो ने तीखा भाषण देते हुए झारखंड की गिरती व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
“सवाल करता हूं, इसलिए तकलीफ होती है”
जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम महतो ने कहा,
“जैसे शहीद निर्मल महतो सवाल करते थे और कुछ लोगों को यह बात चुभती थी, वैसे ही आज मैं जब झारखंड की बदहाली पर सवाल उठाता हूं, तो सत्ता में बैठे लोगों को तकलीफ होती है।”
इंडस्ट्रियल टाउन पर प्रहार – “मूलवासियों के साथ छल हुआ”
महतो ने जमशेदपुर को इंडस्ट्रियल टाउन घोषित किए जाने पर नाराजगी जताई और कहा कि
“स्थानीय उद्योगपतियों ने मूलवासी समुदाय को सिर्फ वादे दिए, हक़ नहीं। आज भी फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों को अधिकार नहीं मिल रहा है।”
उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में जनता का आंदोलन खड़ा होगा और अन्याय के खिलाफ संघर्ष होगा।
नगर निगम चुनाव पर बोले – “जरूरत ही नहीं”
एक सवाल के जवाब में विधायक महतो ने कहा कि
“झारखंड में नगर निगम चुनाव की कोई आवश्यकता नहीं। ये सिर्फ समय और संसाधनों की बर्बादी है, जबकि जनता के असल मुद्दे कहीं और हैं।”
महिलाओं ने बांधा रक्षा सूत्र
जनसभा के बाद, स्थानीय महिलाओं ने जयराम महतो को रक्षा सूत्र बांधकर अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया। सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे आयोजन के दौरान उत्साह का माहौल रहा।






