आदित्यपुर : आशियाना ट्रेड सेंटर, आदित्यपुर में रविवार को लघु उद्योग भारती के नए कार्यालय का विधिवत शुभारंभ पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमी मौजूद रहे, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव सह झारखंड प्रभारी इंदर कुमार अग्रवाल, संयुक्त महासचिव अखिलेश्वर राय, कोषाध्यक्ष सरोज कांत झा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह महानगर कार्यवाहक अमित सिंह, दशरथ उपाध्याय, जिला सरायकेला-खरसावां के महामंत्री सपन मजूमदार, कोषाध्यक्ष बी एन हाजरा, उपाध्यक्ष पिंकेश माहेश्वरी, विकास चंद्र, सचिव राकेश प्रसाद, सैकत घोष, कृष्ण, एस के पांडेय और प्रमोद जायसवाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
शुभारंभ के दौरान वक्ताओं ने लघु उद्योगों के विकास, स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन और रोजगार सृजन में संगठन की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि यह नया कार्यालय न केवल प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, बल्कि छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी संचालन करेगा।






