K. Durga Rao
रांची : लोहरदगा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव भगत ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महंगाई की मार इतनी हो गई है कि जनता इनके शासन से त्रस्त हो गई है। 2014 में महंगाई कम थी, सिलेंडर के दाम कम थे, युवाओं को रोजगार मिल रहा था, लेकिन यह झूठे वादे कर महंगाई कम करने और हर साल 2 करोड़ रोजगार देने के नाम पर सत्ता में आए और उस समय से जनता को ठगने का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा इन्होंने आवास योजना का भी पैसा देना बंद कर दिया तब हम लोगों ने अबुवा आवास योजना लाया। तीन कमरे का मकान देने का काम कर रहे हैं। कहा कि इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को झामुमो के कार्यकर्ता, विधायक, राजद के कार्यकर्ता, नेता कांग्रेस के कार्यकर्ता, नेता, विधायक सभी मिलकर 14 सीट पर जीत दर्ज करेंगे।
इस दौरान उपस्थित प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि इस बार के चुनाव में आपने अगर इंडिया गठबंधन के प्रतिनिधि को चुनकर लोकसभा में भेजने का काम किया तो अगले 5 वर्षों में आप देखेंगे की इन्होंने आपके लिए क्या काम किया। उन्होंने सभी विधायकों और नेताओं से अपने-अपने क्षेत्र में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को मजबूती प्रदान करते हुए जीत दिलाने का काम करने को कहा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि इस देश की अस्मिता को बचाए रखना हमारा आपका धर्म है। आज भाजपा के कुकर्मों की वजह से इस देश में लोग एक दूसरे को शक की निगाह से देख रहे हैं। हिंदू -मुस्लिम को और मुस्लिम-हिंदू को शक की निगाह से देख रहा है। कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झूठे आरोपों में जेल भेज कर इन्होंने अपनी मानसिकता दर्शा दी है कि ये अपने स्वार्थ में किसी भी हद तक जा सकते हैं।
उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि भाजपा ने इस देश में बेरोजगारों की एक फौज खड़ी कर दी है। महंगाई की मार से देश के हर घर में हाहाकार मचा हुआ है, लेकिन चुनाव जीतने के लिए हर तरह के झूठ और पुनः जनता को बेवकूफ बनाने वाले वादों से प्रधानमंत्री मोदी चूक नहीं रहे हैं। सभा को संबोधित करते हुए सुखदेव भगत ने कहा कि यह चुनाव संविधान बचाने का है, लोकतंत्र बचाने का है।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि बीजेपी आदिवासी विरोधी है। इन्होंने सीएनटी एसपीटी एक्ट के साथ, छेड़- छाड़ करने का प्रयास किया। वन अधिकार अधिनियम में संशोधन किया। ये लोग आदिवासियों को जल, जंगल, जमीन के अधिकार से वंचित करना चाहते हैं। जेएमएम के गुमला विधायक भूषण तिर्की ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरना धर्म कोड बिल को बीजेपी नहीं लागू करना चाहती है। सभा को स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, झारखंड सरकार का मंत्री सत्यानंद भोक्ता, युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव, अजय नाथ शाहदेव जेएमएम विधायक झीगा सुशरण मुंडा, कार्यकारी अध्यक्ष शाहजदा अनवर, मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने भी संबोधित किया।
सभा का संचालन प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की एवं धन्यवाद ज्ञापन गुमला जिला अध्यक्ष चैतू उरांव ने किया। कार्यक्रम में प्रदीप तुलस्यान, सुखेर भगत, अमूल्य नीरज खलको, सतीश पॉल मुजनी, गजेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, अशोक चौधरी, रमा खलखो, मानस सिन्हा, राजीव रंजन प्रसाद, सोनाल शांति, कमल विनय सिन्हा दीपू, अजय सिंह, सुरेंद्र सिंह, जगदीश साहू, शशि भूषण राय, सलीम खान, बाबी भगत आदि शामिल हुए।