टाटा स्टील-पीजीटीआई ने की टाटा ओपन 2025 की घोषणा, 2 करोड़ की इनामी राशि

Raj Sharma
3 Min Read

जमशेदपुर : टाटा स्टील और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) ने प्रतिष्ठित टाटा ओपन 2025 की घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट 25 से 28 दिसंबर तक जमशेदपुर में खेला जाएगा और यह 2025 PGTI सीज़न का अंतिम व सबसे बड़ा आयोजन होगा। प्रतियोगिता की कुल इनामी राशि ₹2 करोड़ रखी गई है

दो कोर्स, एक खिताब

टाटा ओपन 2025 का आयोजन शहर के दो ऐतिहासिक कोर्स—बेलडीह गोल्फ कोर्स और गोलमुरी गोल्फ कोर्स—पर किया जाएगा। यह टूर्नामेंट उन चुनिंदा प्रतियोगिताओं में से एक है, जो दो अलग-अलग वेन्यू पर खेली जाती हैं।

पहले दो राउंड में खिलाड़ी दोनों कोर्स पर 18-18 होल खेलेंगे। इसके बाद कट के बाद चुने गए खिलाड़ी तीसरे और चौथे राउंड में पहले नौ होल गोलमुरी और अंतिम नौ होल बेलडीह में खेलेंगे।

126 प्रोफेशनल गोल्फर्स मैदान में

चार दिवसीय इस स्ट्रोक-प्ले टूर्नामेंट में 126 पेशेवर खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। दो राउंड के बाद टॉप-50 और टाई स्कोर वाले खिलाड़ी आगे बढ़ेंगे।

भारतीय सितारों से सजेगा टाटा ओपन

देश के शीर्ष गोल्फर्स इस खिताबी मुकाबले में चुनौती पेश करेंगे, जिनमें शामिल हैं—

युवराज संधू (2025 ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन)

वीर अहलावत (2024 ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन)

शौर्य भट्टाचार्य

अर्जुन प्रसाद

मनु गंडास

अंगद चीमा

ओम प्रकाश चौहान (पूर्व चैंपियन)

राशिद खान, खालिन जोशी, चिक्करंगप्पा

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भी मजबूत मौजूदगी

विदेशी खिलाड़ियों में श्रीलंका के एन थंगराजा और मिथुन परेरा (पूर्व चैंपियन), बांग्लादेश के मो सिद्दिकुर रहमान और जमाल हुसैन, चेक गणराज्य के स्टेपन डानेक, अमेरिका के कोइचिरो सतो, नेपाल के सुभाष तामांग और युगांडा के जोशुआ सील शामिल हैं।

पूर्व विजेता और स्थानीय उम्मीदें

इस टूर्नामेंट में मुकेश कुमार, शमिम खान और गुरकी शेरगिल जैसे पूर्व विजेता भी हिस्सा लेंगे। स्थानीय चुनौती का नेतृत्व कुरुश हीरजी करेंगे।

टाटा ओपन की वापसी हमारे लिए गर्व का क्षण”

टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज़) और जमशेदपुर गोल्फ कैप्टन डी. बी. सुंदरा रामम ने कहा कि टाटा ओपन की मूल पहचान के साथ वापसी, गोल्फ के प्रति टाटा स्टील की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

सीज़न फिनाले होने से मुकाबला और रोमांचक” – पीजीटीआई

PGTI के सीईओ अमनदीप जोहल ने कहा कि टाटा ओपन 2025 भारत के सर्वश्रेष्ठ पेशेवर खिलाड़ियों को एक मंच पर लाता है और सीज़न के समापन पर मुकाबला अपने चरम पर होगा।

दलमा की वादियों में गोल्फ का महासंग्राम

दलमा पहाड़ियों की पृष्ठभूमि में बसे बेलडीह और गोलमुरी गोल्फ कोर्स अपनी अलग-अलग चुनौतियों के लिए जाने जाते हैं—बेलडीह लंबा और तकनीकी है, जबकि गोलमुरी छोटा लेकिन बेहद सटीक खेल की मांग करता है

Share This Article