अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम का 73वां स्थापना दिवस संपन्न, मिला सेवा, संस्कृति और समरसता का संदेश

4 Min Read

जमशेदपुर : वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड के जमशेदपुर महानगर समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम का 73वां स्थापना दिवस शुक्रवार, 26 दिसंबर 2025 को जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में अति हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेवा, संस्कार और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश प्रमुख रूप से उभरा।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम उत्तर मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री (बिहार एवं झारखंड) प्रफुल्ल आकांत, अखिल भारतीय ग्राम विकास आयाम के संरक्षक कृपा प्रसाद सिंह, झारखंड प्रांत के उपाध्यक्ष एवं जमशेदपुर नगर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार झुनझुनवाला, नगर समिति सचिव ललित सिंघानिया तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक इंदर अग्रवाल द्वारा भारत माता, भगवान श्रीराम एवं बालासाहेब देशपांडे जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम में जमशेदपुर महानगर समिति के कार्यकर्तागण, शुभचिंतकगण एवं उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनजाति समाज के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले प्रमुख कार्यकर्ताओं मुंडा समाज से नंदलाल पातर, हो समाज से दुर्गा चरण बारी, रवि सवैया एवं भगवान चातर को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि प्रफुल्ल आकांत ने अपने प्रेरणादायी बौद्धिक उद्बोधन में उपस्थित प्रबुद्ध जनों को जनजाति समाज के बीच सेवा कार्य को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने पेसा कानून को पारित किए जाने पर वर्तमान झारखंड सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि जनजाति समाज के धर्म, संस्कृति, आस्था और अस्मिता की रक्षा के लिए ग्राम सभाओं को और अधिक मजबूत करना आवश्यक है।
उन्होंने “चलो जलाएं दीप वहां, जहां अभी भी अंधेरा है” और “नगरवासी–ग्रामवासी–हम सब भारतवासी” जैसे प्रेरक वाक्यों को अपने जीवन में उतारने का आग्रह किया।

मंचासीन अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा, वीर सिद्धू-कान्हो सहित झारखंड के अन्य जनजातीय वीर स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम का संचालन महानगर समिति के सहसचिव सुरा बिरुली ने किया, जबकि स्वागत भाषण महानगर अध्यक्ष राजेंद्र कुमार झुनझुनवाला द्वारा दिया गया। इसके उपरांत मनोरंजन के उद्देश्य से पुरुष, महिला एवं छोटे बच्चों के लिए चार अलग-अलग समूहों में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का संचालन सुशील कुमार पांडे, प्रतिभा रानी मिश्रा एवं सविता जी ने किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खेलकूद प्रतियोगिता का समापन महानगर समिति के सहसचिव प्रो. विनोद कुमार द्वारा किया गया।
स्थापना दिवस के इस पारिवारिक एवं आत्मीय कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने भोजन मंत्र का उच्चारण कर एक साथ भोजन कर आपसी समरसता और सौहार्द का परिचय दिया।

कार्यक्रम में प्रांत नगरीय कार्य प्रमुख प्रदीप कुमार महतो, विभाग संगठन मंत्री प्रमोथ नाथ, अमिताभ सेनापति, सुशील अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, रामनाथ सिंह, नवनीत सिंह, सुधीर लाल, शंकर मुंडा, मीना देवी, धर्मेंद्र कुमार, टिंकू साहू, राजपति देवी, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. कमलेश कुमार कमलेंदु, सतनाम सिंह, सोनू ठाकुर सहित नगर समिति के अनेक प्रमुख एवं गणमान्य कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन महानगर समिति के सचिव ललित सिंघानिया द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Share This Article