आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां),
झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, आदित्यपुर में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के प्रथम बैच के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर को राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खुलने से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरायकेला-खरसावां जैसे अपेक्षाकृत छोटे जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना सराहनीय पहल है, जिससे न केवल शिक्षा का बेहतर वातावरण बनेगा बल्कि स्थानीय लोगों को भी उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
एमबीबीएस प्रथम बैच में नामांकित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि ये छात्र एक बेहतर चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि पांच वर्षों में यह मेडिकल कॉलेज पूर्ण रूप ले लेगा और तब समाज को इन विद्यार्थियों से बड़ी उम्मीदें होंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है और एक मजबूत हेल्थ इको-सिस्टम विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाकर 25 से 30 करने का लक्ष्य रखा गया है। चुनौतियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनौतियां ही काम को रोचक और सार्थक बनाती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में अधिक से अधिक अच्छे मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, डायग्नोस्टिक सेंटर और योग्य चिकित्सक आएं, इसके लिए सरकार हर स्तर पर स्वास्थ्य संरचना को मजबूत कर रही है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, लोकसभा सांसद श्रीमती जोबा मांझी, विधायक श्री दशरथ गागराई, श्रीमती सविता महतो, श्री समीर मोहंती, श्री मंगल कालिंदी, श्री सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री श्री बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह तथा नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अध्यक्ष श्री मदन मोहन सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।





