पुलिस हिरासत में युवक की मौत नहीं, हत्या हुई है: सांसद बिद्युत बरण महतो

Raj Sharma
3 Min Read

जमशेदपुर : मानगो (गोकुल नगर): मानगो के गोकुल नगर निवासी जीत महतो की मृत्यु को लेकर सांसद बिद्युत बरण महतो ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह स्वाभाविक मृत्यु नहीं, बल्कि पुलिस प्रताड़ना के कारण हिरासत में की गई हत्या है। घटना की सूचना मिलते ही सांसद श्री महतो ने आज शाम गोकुल नगर पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली।

मृतक की मां पूजा महतो ने सांसद को घटना का जो विवरण बताया, वह अत्यंत हृदयविदारक था। सांसद ने कहा कि जीत महतो की गिरफ्तारी की परिस्थितियां कई गंभीर सवाल खड़े करती हैं। इसके अलावा, मृत्यु के बाद पुलिस द्वारा आनन-फानन में पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार कराए जाने की प्रक्रिया भी संदेह के घेरे में है।

सांसद श्री महतो ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की राशि दी गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह राशि किस मद से दी गई, किसने इसकी स्वीकृति दी और क्या झारखंड में एक युवा झारखंडी की जान की कीमत केवल दो लाख रुपये है?

उन्होंने आरोप लगाया कि मात्र एक छोटे मोबाइल फोन की चोरी के संदेह में जीत महतो को जबरन गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में रखा गया और पुलिस प्रताड़ना के कारण उसकी मौत हो गई। बाद में मामले को दबाने के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सांसद ने यह भी कहा कि जिस थाना प्रभारी के कार्यक्षेत्र में यह घटना हुई, उनका पूर्व रिकॉर्ड भी संदिग्ध रहा है और वे पहले भी भारतीय सेना के एक जवान के साथ मारपीट एवं दुर्व्यवहार के आरोपों में घिर चुके हैं।

सांसद बिद्युत बरण महतो ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक से मांग की है कि इस घटना में शामिल पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए, सभी दोषी कर्मियों को तत्काल निलंबित किया जाए तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

उन्होंने राज्य सरकार से यह भी मांग की कि मृतक अपने परिवार का एकमात्र सहारा था, इसलिए उसके परिवार और नवजात शिशु के भरण-पोषण के लिए समुचित मुआवजा दिया जाए।

सांसद ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन किया जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष किया जाएगा।

इस अवसर पर मृतक परिवार से मिलने वालों में विनोद राय, रविंद्र सिंह सिसोदिया, सुशील पांडे, अनिमेष सिन्हा, मुन्ना मिश्रा, राकेश प्रसाद, महेश सिंह, सुमन श्रीवास्तव, नवनीत तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.

Share This Article