K. Durga Rao
कांड्रा : गम्हरिया थाना अंतर्गत टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट के स्लैग डंपिंग यार्ड में मंगलवार को स्क्रैप माफियाओं ने 45 वर्षीय पे लोडर चालक अभय सिंह की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी, वहीं कंपनी के सुरक्षा कर्मियों की गोली से स्क्रैप चोरी कर भाग रहे एक चोर की भी मौत हो गई है। मृतक का नाम गोविंद कालिंदी उर्फ गोगो बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं इस घटना के बाद कंपनी परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले में टाटा स्टील प्रबंधन के अधिकारी राजेश राजन ने नपे-तुले अंदाज में जवाब देते हुए बताया कि मृत ऑपरेटर ठेकाकर्मी है, उसकी मौत कैसे हुई इसकी स्पष्ट जानकारी उन्हें नहीं है। पुलिस को जानकारी दे दी गई है पुलिस जांच कर रही है। उधर मृतक स्क्रैप चोर के संबंध में उसके साथियों ने बताया कि मृतक शौच के लिए इधर आया था। कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हुई है।
वैसे घटना को लेकर पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है। वहीं पुलिस के आलाधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार टाटा स्टील लॉन्ग प्रोडक्ट के स्लैग डंपिंग यार्ड में स्क्रैप माफियाओं द्वारा स्क्रैप चोरी करने का प्रयास किया जा रहा था। जिसे पे लोडर ऑपरेटर अभय सिंह ने रोकने का प्रयास किया, इसके बाद माफियाओं ने ऑपरेटर की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने हत्या कर भाग रहे स्क्रैप माफियाओं पर गोली चला दी। इसमें एक स्क्रैप चोर की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
बता दें कि आए दिन स्क्रैप माफिया कंपनी का बाउंड्री वॉल फांदकर कंपनी परिसर में प्रवेश कर जाते हैं और धड़ल्ले से स्क्रैप की चोरी करते हैं। विरोध करने पर मरने- मारने पर उतारू हो जाते हैं। अंदरखाने की मानें तो इसके पीछे एक बड़े सफेदपोश नेता का हाथ है। उसी के इशारे पर स्क्रैप माफिया खुलेआम कंपनी से स्क्रैप की चोरी करते हैं, जिसपर हाथ डालने की हिमाकत पुलिस- प्रशासन के आलाधिकारी भी नहीं कर पाते हैं। यही वजह है कि आज यह घटना हुई है। इसपर कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
इधर टाटा स्टील द्वारा दिए गए आधिकारिक बयान के मुताबिक आज शाम करीब 3.30 बजे से 4 बजे के बीच टाटा स्टील गम्हरिया के फ्लाइ ऐश डम्प यार्ड में अपुष्ट घटना की जानकारी कंपनी के सुरक्षा विभाग को मिली थी। घटना स्थल पर पहुंचने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पाया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मृत व्यक्ति की पहचान वेंडर एमडी लॉजिस्टिक के कर्मचारी जगन्नाथपुर निवासी अभय सिंह के रुप में की गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शव का पंचनामा और घटना के अनुसंधान की कार्यवाही शुरू कर दी है।
जारी बयान में कहा गया है कि कंपनी सुरक्षा कर्मियों के साथ किसी की भी हाथापाई या गोली चालन की घटना नहीं हुई है। वेंडर कर्मचारी की मृत्यु पर कंपनी प्रबंधन ने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।