दुमका में बेखौफ अपराधियों की फायरिंग, मजदूर मोटर संघ अध्यक्ष अरुण सिंह गंभीर

2 Min Read

डीआईजी कार्यालय के पास सुबह-सुबह वारदात, आसनसोल रेफर

Mohit Kumar

दुमका: दुमका शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए जब नगर थाना क्षेत्र स्थित डीआईजी कार्यालय के समीप सोमवार सुबह करीब 6 बजे बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने संथाल परगना मजदूर मोटर संघ के अध्यक्ष अरुण सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अरुण सिंह सुबह अपने नियमित कार्य से निकले थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन पर कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें आसनसोल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पीतांबर सिंह खेरवार, पुलिस अधीक्षक, दुमका दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि मामले का गहन अनुसंधान किया जा रहा है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हमला किन कारणों से किया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

फिलहाल पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Share This Article