Jamshedpur : चाकुलिया में बनेगी वंदे भारत ट्रेन की कोच फैक्ट्री, बहरागोड़ा में औद्योगिक क्रांति का नया अध्याय

2 Min Read

जमशेदपुर : बहरागोड़ा विधायक समीर महंती ने बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयासों से चाकुलिया में वंदे भारत ट्रेन के डब्बा और चक्का निर्माण के लिए एक अत्याधुनिक फैक्ट्री की स्थापना होने जा रही है। यह फैक्ट्री न केवल बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र, बल्कि पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले में औद्योगिक क्रांति की नई शुरुआत करेगी।

पूर्वी भारत की पहली यूनिट बनाएगी वंदे भारत के कोच


विधायक ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह परियोजना भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी योजना “वंदे भारत एक्सप्रेस” के लिए कोच निर्माण से जुड़ी है और यह पूर्वी भारत की पहली ऐसी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगी। लगभग ₹4000 करोड़ के भारी निवेश से यह फैक्ट्री स्थापित की जाएगी।

4,000 लोगों को मिलेगा प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार
उन्होंने बताया कि इस परियोजना से करीब 4000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। अभी तक लगभग 300 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है और भविष्य में 400 एकड़ और अधिग्रहित किए जाने की योजना है। यानी कुल 700 एकड़ में यह फैक्ट्री फैलेगी।

जल्द होगा एमओयू पर हस्ताक्षर
विधायक समीर महंती ने बताया कि आने वाले माह में झारखंड सरकार और निर्माण कंपनी के बीच एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे इस परियोजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम
यह कोच फैक्ट्री न केवल बहरागोड़ा क्षेत्र, बल्कि पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और औद्योगिक पहचान को नया आयाम देगी। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शिता और झारखंड सरकार की सक्रियता से यह ऐतिहासिक कदम संभव हो पाया है।

Share This Article