नई दिल्ली : भारत के 14वें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया। अपने त्यागपत्र में उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 67(ए) का उल्लेख करते हुए तत्काल प्रभाव से पद छोड़ने की जानकारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक पत्र के माध्यम से दी है।

धनखड़ ने अपने पत्र में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मंत्रिपरिषद, और संसद के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री का समर्थन मेरे लिए अमूल्य रहा। संसद के सभी सदस्यों से मिला स्नेह और विश्वास हमेशा मेरी स्मृतियों में रहेगा।” उन्होंने लिखा कि “यह मेरे जीवन का सौभाग्य रहा कि मैंने भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में इस परिवर्तनशील युग में सेवा की, जहाँ देश की आर्थिक प्रगति और वैश्विक नेतृत्व तेजी से बढ़ा।”
धनखड़ ने इस पत्र में यह भी कहा कि इस पद को छोड़ते समय वे भारत की भविष्य की संभावनाओं को लेकर गर्व और अटूट विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
गौरतलब है कि 6 अगस्त 2022 को उन्होंने भारत के उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। इससे पहले वे पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और झुंझुनू (राजस्थान) से सांसद रह चुके हैं। वी.पी. सिंह और चंद्रशेखर की सरकारों में वे केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। राजनीति, संविधान और प्रशासनिक अनुभव के धनी धनखड़ का इस्तीफा आने वाले समय में देश की राजनीति को नया मोड़ दे सकता है।






