JAMSHEDPUR: छोटा गोविंदपुर:
छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय के प्रांगण में प्री-प्राइमरी विभाग के बच्चों ने मकर संक्रांति का त्योहार बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया। बच्चों ने इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों में मनाए जाने वाले पारंपरिक त्योहारों और रीति-रिवाजों को दर्शाते हुए रंग-बिरंगे पारंपरिक वस्त्र पहनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
त्योहार की विशेषता के रूप में बच्चों ने दही-चूड़ा, तिलकुट, लाई और पीठा जैसे पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। साथ ही, पतंग उड़ाने की प्रतियोगिता ने बच्चों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनकर सभी को आनंदित किया। विद्यालय का पूरा प्रांगण इस अवसर पर खुशियों, रंगों और फसल कटाई के उल्लास से भर गया। छोटे बच्चों ने अपने उत्साह और कला के माध्यम से यह दिखाया कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएँ कितनी जीवंत हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा,
“मकर संक्रांति का यह पर्व हमें नई ऊर्जा और उत्साह से भर देता है। यह त्योहार न केवल प्रकृति के साथ हमारे जुड़ाव को मजबूत करता है, बल्कि हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने की भी प्रेरणा देता है।”
प्राचार्य ने छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों, समाज के सभी वर्गों और मीडिया के प्रतिनिधियों को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी के उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की।
विद्यालय के इस आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि बच्चों में अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जानने और मनाने का उत्साह कितना उत्साहजनक और सृजनात्मक हो सकता है।





