सोनारी थाना अंतर्गत न्यू कपाली बस्ती का रहने वाला एक युवक घर से लापता है। काफी तलाश के बावजूद घर वालों को उसकी जानकारी नहीं मिली। आज नदी में डूबने की आशंका के बीच पुलिस और परिजनों द्वारा स्वर्णरेखा नदी के किनारे उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।
लापता युवक सन्नी के पिता पप्पू सिंह ने बताया कि बीती रात बस्ती के युवकों से सन्नी का विवाद होने के बाद देर रात कौशल सिंह, आकाश, अमर और गोलू ने घर पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया था। इस हमले से सन्नी डरा सहमा हुआ था। इसके बाद आज दिन के 11 बजे सनी ने दूसरे के मोबाइल से घर में फोनकर नदी किनारे होने की जानकारी दी। इसके बाद से उसकी कोई जानकारी नहीं मिली।
पप्पू सिंह ने बताया कि किसी ने फोन करके जानकारी दी की सन्नी को दो युवक मारकर नदी में फेंक कर फरार हो गए हैं। इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी। इस जानकारी के बाद पुलिस ने बताए गए जगह पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन घंटो मशक्कत के बाद भी सनी का कुछ पता नहीं चल सका। रात हो जाने के कारण सुबह फिर से खोजबीन करने की बात कही गई है।