वाईआई रोड सेफ्टी वीक : ‘हेलमेट मैन’ राघवेंद्र कुमार ने युवाओं को दिया सुरक्षित राइडिंग का संदेश

Raj Sharma
3 Min Read

जमशेदपुर

यंग इंडियंस (वाईआई) जमशेदपुर चैप्टर द्वारा रोड सेफ्टी वीक के अंतर्गत शहर में सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को “हेलमेट मैन ऑफ इंडिया” के नाम से प्रसिद्ध राघवेंद्र कुमार जमशेदपुर पहुंचे और विद्यार्थियों व युवाओं को सुरक्षित राइडिंग के लिए प्रेरित किया।

राघवेंद्र कुमार ने हेलमेट को जीवनरक्षक बताते हुए कहा कि अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदार ड्राइविंग आज के युवाओं की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से सड़क नियमों की अनदेखी से होने वाले दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला।

दिन की शुरुआत सुबह 10:30 बजे Arka Jain University में आयोजित एक इंटरएक्टिव सेशन से हुई, जहां छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद दोपहर 3 से 5 बजे तक कदमा स्थित कुडी मोहंती ऑडिटोरियम में टाटा स्टील सेफ्टी क्लब के सहयोग से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

वाईआई जमशेदपुर के रोड सेफ्टी चेयर सिद्धार्थ अग्रवाल के संचालन में आयोजित ‘फायरसाइड चैट’ में राघवेंद्र कुमार ने अपने प्रेरक अनुभव साझा करते हुए कहा कि बच्चों और युवाओं की सुरक्षा ही एक सुरक्षित और बेहतर भविष्य की नींव है।

इस अवसर पर टाटा स्टील के चीफ सेफ्टी नीरज सिन्हा सहित वाईआई रोड सेफ्टी टीम के सदस्य सिद्धार्थ अग्रवाल, सुनील पारेख, शालू खेतान, तरनप्रीत सिंह खनुजा, श्रुति झुनझुनवाला, भाविन गांधी एवं उदित अग्रवाल उपस्थित रहे।

बिष्टुपुर में निकला मशाल जुलूस

शाम को वाईआई जमशेदपुर ने जमशेदपुर पुलिस के सहयोग से बिष्टुपुर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए मशाल जुलूस निकाला। शहर में पहली बार आयोजित इस अनोखे जुलूस में लगभग 35 पुलिसकर्मियों ने यंग इंडियंस के सदस्यों के साथ प्रमुख मार्गों पर मार्च करते हुए आमजन को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।

 

स्कूल-कॉलेजों में भी जागरूकता अभियान

रोड सेफ्टी वीक के तहत वाईआई जमशेदपुर द्वारा स्कूलों, कॉलेजों और समुदायों में ‘छोटा कॉप’ सत्र, फरिश्ते जागरूकता कार्यक्रम, फर्स्ट रिस्पॉन्डर ट्रेनिंग एवं जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया गया। सीआईआई-वाईआई जमशेदपुर चैप्टर की इस पहल को शहर में सड़क सुरक्षा की मजबूत संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article