जमशेदपुर : बागबेड़ा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। एक व्यक्ति ने अपने ही रिश्तेदार पर भरोसा कर उसे अपने घर में पनाह दी थी, लेकिन उस रिश्तेदार ने उसी के घर की ढाई साल की मासूम बेटी को अपनी हवस का शिकार बना डाला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह शर्मनाक घटना शनिवार को हुई जब परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर गए थे। वापस लौटने पर जब बच्ची ने रोते हुए अपने साथ हुई आपबीती सुनाई, तो परिवार सदमे में आ गया। उन्होंने तुरंत बागबेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मारुति नंदन फरार हो गया था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन कार्रवाई की और रविवार को आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिहार के भोजपुर जिले का रहने वाला है और तीन महीने पहले काम की तलाश में जमशेदपुर आया था।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और जल्द ही उसका बयान कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा। बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
इस घिनौनी वारदात से इलाके में भारी गुस्सा और आक्रोश है। स्थानीय लोग आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हैवानियत करने की हिम्मत न कर सके।






