पटमदा: बोड़ाम जिला पार्षद गीतांजलि महतो ने गुरुवार को जिले के सिविल सर्जन से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बोड़ाम क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने, लावजोड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में एमबीबीएस चिकित्सक की नियुक्ति करने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) माचा में स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र की जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समय पर एंबुलेंस और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को अन्य क्षेत्रों में जाना पड़ता है। जिला पार्षद ने मांग की कि इन सभी सुविधाओं को जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और किसी भी जरूरतमंद को इलाज के लिए भटकना न पड़े।





