जमशेदपुर में पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन होगा अनिवार्य

2 Min Read
  • जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) जल्द ही पालतू कुत्तों (Pet Dog) के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इसे लेकर आंतरिक राजस्व संग्रह की स्थिति की समीक्षा के लिए उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

जमशेदपुर: जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) में राजस्व संग्रह की वर्तमान स्थिति को लेकर उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न मदों के अंतर्गत राजस्व संग्रह की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और संग्रह बढ़ाने के लिए आवश्यक रणनीति पर चर्चा की गई।

उप नगर आयुक्त ने सैरात एवं बाजार शुल्क से राजस्व संग्रह में अपेक्षित सुधार लाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन मदों से नगर निकाय की आय बढ़ाने की पर्याप्त संभावनाएँ हैं, जिनका प्रभावी उपयोग किया जाना जरूरी है।

बैठक में नगर क्षेत्र में संचालित होटल एवं लॉज के पंजीकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। श्री कृष्ण कुमार ने झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 के तहत होटल व लॉज के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि सभी प्रतिष्ठान विधिसम्मत रूप से पंजीकृत हों और राजस्व हानि रोकी जा सके।

साथ ही बैठक में यह जानकारी दी गई कि JNAC द्वारा जल्द ही पालतू कुत्तों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इससे नगर निकाय का राजस्व मजबूत होगा और शहरी स्वच्छता व सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

उप नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को राजस्व संग्रह को प्राथमिकता देने और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सुनियोजित एवं सतत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Share This Article