रपचा जंगल में मिले छह दिन से लापता दो युवकों के शव, पूछताछ में सामने आया घटनाक्रम

2 Min Read

सरायकेला। कांड्रा थाना क्षेत्र के पिंडाबेड़ा निवासी राहुल हांसदा और खरखावां निवासी तपन प्रधान के छह दिनों से लापता होने के मामले में पुलिस ने दोनों के शव रपचा के जंगल से बरामद किए हैं। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए रविन्द्र मार्डी और फूलचंद हांसदा से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। मजिस्ट्रेट सह सीआई बलवंत सिंह की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर दोनों शवों को बाहर निकाला गया। मौके पर एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज और कांड्रा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विनोद कुमार मुर्मू भी मौजूद थे।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि शव मिलने की खबर से दोनों परिवारों में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त की रात करीब आठ बजे राहुल हांसदा और तपन प्रधान धातकीडीह स्कूल में बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शी सूरज हांसदा के मुताबिक, इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और दोनों के साथ मारपीट की।

इसके बाद तीनों को कार से गम्हरिया ले जाने की बात सामने आई, लेकिन सूरज वहां से किसी तरह भाग निकला। इसके बाद राहुल और तपन का कोई पता नहीं चला। परिजनों ने अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। अब शव बरामद होने के बाद पुलिस घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारण और घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article