कांड्रा पावर ग्रिड के पास भीषण सड़क हादसा, पिकअप चालक गंभीर

2 Min Read
  • ब्रेकडाउन 407 से टकराई पिकअप, एंबुलेंस और क्रेन में देरी पर जेआरडीसीएल की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में

कांड्रा: आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर कांड्रा टोल प्लाजा से आगे नव निर्मित पावर ग्रिड के समीप गुरुवार रात करीब 9 बजे एक सड़क दुर्घटना में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि सड़क पर एक 407 वाहन खराब होकर खड़ा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप उससे टकरा गई।

सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल अस्पताल भिजवाया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सड़क के रखरखाव और आपातकालीन सेवाओं की जिम्मेदारी संभाल रही जेआरडीसीएल (JRDCL) को सूचना देने के बावजूद काफी देर तक न एंबुलेंस पहुंची और न ही क्रेन की व्यवस्था हो सकी। स्थिति गंभीर होने पर स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से घायल को अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर दुर्घटना की स्थिति में एंबुलेंस, क्रेन और अन्य आपात सेवाओं की जिम्मेदारी जेआरडीसीएल की है, लेकिन अक्सर हादसों के दौरान कंपनी की व्यवस्था विफल साबित होती है। कभी वाहनों में ईंधन नहीं होने तो कभी चालक उपलब्ध नहीं रहने जैसी समस्याओं के कारण राहत कार्य प्रभावित होता है।

दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन लंबे समय तक सड़क पर खड़ा रहने से यातायात भी प्रभावित रहा। लोगों ने जेआरडीसीएल की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए मांग की कि राष्ट्रीय महत्व के इस मार्ग पर दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित एंबुलेंस, क्रेन और राहत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में घायल लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।

Share This Article