बैंक ऑफ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस पर अनाथ बच्चों संग मनाया सेवा और संवेदना का उत्सव

2 Min Read

गम्हरिया: बैंक ऑफ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर गम्हरिया और कांड्रा शाखा ने सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए डुमरा पंचायत स्थित आशा संस्था में रह रहे अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच उपयोगी सामग्री का वितरण किया। इस दौरान बच्चों को भोजन करने के बर्तन समेत अन्य आवश्यक वस्तुएं भेंट की गईं।

कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने बच्चों के साथ समय बिताया, उनसे संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के साथ आत्मीय क्षण साझा कर सभी ने उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया। बैंक ऑफ बड़ौदा गम्हरिया शाखा की प्रबंधक रश्मि रानी एवं कांड्रा शाखा के प्रबंधक शशिकांत कुमार ने कहा कि बैंक केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी ईमानदारी से निर्वहन करता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ बिताया गया समय उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक और यादगार अनुभव रहा।

उन्होंने बताया कि बैंक का स्थापना दिवस सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देता है तथा भविष्य में भी बैंक इसी तरह के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। इस अवसर पर राजेश एक्का, दुर्गेश कुमार, चंचल कुमार झा, अशोक पासवान, मनोज विश्वकर्मा तथा आशा संस्था के मानिक मंडल उपस्थित थे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Share This Article